Share Market Close: चौतरफा बिकवाली के बीच भारतीय शेयर बाजार आज यानी शुक्रवार 6 जनवरी को लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 452.90 अंक गिरकर 59,900.37के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी (Nifty) 127.95 अंक लुढ़ककर 17,864.20 के स्तर पर आ गया। सभी सेक्टर के इंडेक्स आज लाल निशान में बंद हुए हैं। वहीं BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 0.72% और 0.69% टूटकर बंद हुआ। इस चौतरफा गिरावट के बीच शेयर बाजार में आज निवेशकों को करीब 2.17 लाख करोड़ रुपये का तगड़ा नुकसान हुआ है।
निवेशकों के आज ₹2.14 लाख करोड़ डूबे
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन शुक्रवार 6 जनवरी को घटकर 279.78 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार 5 जनवरी को 281.95 लाख करोड़ रुपये पर था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में आज करीब 2.17 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई है।
सेंसेक्स के 5 शेयर बढ़त के साथ हुए बंद
सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 5 शेयर ही आज बढ़त के साथ बंद हुए हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में सबसे अधिक 1.07 फीसदी की तेजी देखने को मिली। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), नेस्ले इंडिया (Nestle India), आईटीसी (ITC) और लर्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये करीब 0.23% से लेकर 1.01% की उछाल के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर आज सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के कुल 25 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें भी टीसीएस (TCS) में 3.03% की सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve), इंडसइंड बैंक (Indusind Bank), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) और बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) भी आज 2.76 फीसदी से लेकर 1.88 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए हैं।
आज 2,070 कंपनियों के शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज 3,638 शेयरों में कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,435 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 2,070 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 133 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।